लालकुआं। स्वतंत्रता दिवस की शुभ संध्या पर लालकुआं शहर भक्ति और उल्लास के रंग में रंगने जा रहा है। श्री श्याम प्रभु के भव्य हिंडोला संकीर्तन एवं तीज महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन को लेकर श्याम भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्याम भक्त राहुल मित्तल ने बताया कि 15 अगस्त की शाम 7 बजे से अंबेडकर पार्क, लालकुआं में श्री श्याम प्रभु के हिंडोला संकीर्तन एवं तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भक्ति संगीत और मनमोहक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण श्याममय होगा।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका अपर्णा मिश्रा (बरेली), प्राची ठाकुर (दिल्ली) और अर्चित ग्रोवर (बाजपुर) अपनी शानदार प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। भजनों की मधुर धुनों के बीच श्री श्याम प्रभु का गुणगान कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्याम भक्तों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह शाम भक्ति, संगीत और आस्था के अद्भुत संगम की यादगार शाम बनने जा रही है।





