लालकुआं। नैनीताल-ऊधमसिंहनगर सांसद अजय भट्ट शनिवार को लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के प्रतिष्ठित अष्टादशभुजा महालक्ष्मी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने सनातन संस्कृति एवं आध्यात्मिक चेतना के संवाहक महामंडलेश्वर सोमेश्वर यति महाराज को सम्मानित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संत समाज भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके बाद सांसद अजय भट्ट ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर समाज, शिक्षा, श्रमिक हितों एवं राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया। उन्होंने गंगापुर कबडवाल निवासी रिटायर्ड मेजर जनरल कवीन्द्र सिंह, श्रमिक हितों के लिए संघर्षरत स्वर्गीय देवकी नंदन सुयाल की धर्मपत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अलका सुयाल, रिटायर्ड सूबेदार मेजर दया किशन दुमका तथा शिक्षा जगत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गोविंद बल्लभ बड़सिलिया के आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया।
इस दौरान सांसद भट्ट ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मान देने और समाज की सकारात्मक ऊर्जा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत लालकुआं अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित दुम्का, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, देवेंद्र सिंह बिष्ट, अमन सुयाल, आकाश सुयाल, अशोक पड़ालनी,वरिष्ठ नेता संजीव शर्मा और ललित सनवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





