उत्तराखण्ड

हल्द्वानी में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को लेकर पुलिस ने शुरू की जांच..

हल्द्वानी। नीट की तैयारी कर रही हल्द्वानी में छात्रा की फंदे से लटक कर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन एक डायरी मिली है, जिसमें लिखा है, ‘एक को छोड़ दिया है, दूसरे को नहीं छोड़ेंगी’। ऐसे में प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है। मानीपुरा कोलारस, शिवपुरी मध्य प्रदेश निवासी अंजलि जाटव (19) पुत्री रघुवीर जाटव ने 30 मई को मुखानी स्थित निजी कोचिंग से नीट की तैयारी के लिए प्रवेश लिया था। वह अभी डेमो क्लासेस ले रही थी और 29 जून से नियमित कक्षाएं शुरू होनी थीं। वर्तमान में वह मुखानी में खाटू श्याम मंदिर के पास निजी कोचिंग से संबद्ध पीजी हास्टल में रह रही थी। देर रात एक युवक ने अंजलि की एक दोस्त को फोन कर बताया कि उसका फोन नहीं उठ रहा है। इसके बाद पुलिस व स्वजन को सूचना दी गई। कमरे में अंजलि दुपट्टे से झूलती मिली।
मृतका के पिता रघुवीर जाटव का कहना है कि पांच दिन पहले बेटी से बात हुई थी। वह बता रही थी कि तबीयत खराब है। उन्होंने उसे डाक्टर को दिखाने की सलाह दी। आज बेटी का मोबाइल नहीं उठ रहा है। कोचिंग में बात की तो कहा गया कि तबीयत खराब है। डाक्टर को दिखाने ले जा रहे है, तब से कोई जानकारी नहीं है। बेटा भोपाल से हल्द्वानी के लिए रवाना हो गया है।
शिवपुरी के रहने वाले रघुवीर जाटव ने अपने बेटे को भी कोचिंग के लिए हल्द्वानी भेजा था। यहां बेटे ने पढ़ाई कर नीट की परीक्षा पास की थी और अभी एम्स भोपाल से पढ़ाई कर रहे हैं। यही देखते हुए उन्होंने अपनी बेटी को भी नीट की तैयारी कराने के लिए 563 किमी दूर हल्द्वानी भेजा था।
अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी एंगल से जांच कर रही है। मृतका का फोन कब्जे में लिया गया है। उसकी इंटरनेट मीडिया और गूगल सर्च हिस्ट्री भी चेक की जा रही है। छात्रा को आखिरी फोन करने वाले युवक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

To Top