उत्तराखण्ड

पिकअप और बाइक लेकर तस्कर टांडा रेंज के जंगल में घुसे, वन कर्मियों से मुठभेड़ के बाद उल्टे पैर भागे,

लालकुआं। तराई केन्द्रीय वन प्रभाग के अन्तर्गत टांडा रेंज की टीम ने जंगल से सागौन की लकड़ी की तस्करी कर रहे पिकअप वाहन, एक मोटर साइकिल समेत 5 गिल्टे सागौन की लकड़ी के जब्त किये है। इस बीच अंधेंरे का फायदा उठाकर लकड़ी तस्कर मौके से फरार हो गये। पकडी गयी लकड़ी की कीमत 50 हजार रूपये बताई जा रही हैं।
वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम के अनुसार गत रात करीब तीन बजे वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि लालकुआं शहर के समीप टांडा रेंज के जंगल से सागौन लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम कार्रवाई के लिए रवाना हुई। जिसके बाद टीम ने मुखबिर द्वारा बताये गए स्थान की घेराबंदी कर ली। जहाँ पहले से सागौन के गिल्ट रखे हुए थे।
इस बीच पिकअप संख्या- यूके06सी सी-0122 उक्त स्थान पर आ पहुंची। जिसमें पहले से बैठे लकड़ी तस्कर सगौन के गिल्टे पिकअप में लादने लगे। इस दौरान वन विभाग की टीम ने लकड़ी तस्करों को टार्च मारकर रोकने का इशारा किया, तो तस्करों ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जबाब में वन विभाग की टीम ने भी फायरिंग की। इस बीच जंगल में अधिक अंधेरा होने के कारण वन तस्कर मौके से फरार हो गये। वही कार्रवाई में वाहन से 5 नग सागौन की लकड़ी सहित पिकअप वाहन और एक बजाज प्लेटिना मोटर साइकिल संख्या- यूके 04एक्स-6525 को जब्त किया है। जब्त की गई सागौन की लकड़ी की कीमत पचास हजार बताई गई है।
वन क्षेत्राधिकारी रूपनारायण गौतम ने बताया कि फरार तस्करों की पहचान आकाश सिंह निवासी सांपकठानी गुर्जर खत्ता रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आकाश सिंह एक कुख्यात लकड़ी तस्कर है जो पूर्व में भी लकड़ी तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। इसके खिलाफ लकड़ी तस्करी के कई मुकदमे दर्ज है। उन्होंने बताया कि बरामद लकड़ी को जब्त करते हुए फरार तस्करों के खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही फरार तस्करों की धरपकड़ के लिए टीम गठित की गई हैं, जल्द ही तस्करों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मानसून सीजन का फायदा उठाकर लकड़ी तस्कर जंगल में घुसकर अवैध पातन करने का प्रयास कर रहे हैं जिनके मंसूबे वन विभाग किसी भी हालत में कामयाब नहीं होने देगा।

To Top