उत्तराखण्ड

पंतनगर में फायरिंग की सूचना पर पहुंचे एसएसपी ने दरोगा समेत नौ पुलिसकर्मी किये निलंबित,

पंतनगर। पंतनगर क्षेत्र में फायरिंग की सूचना के बाद पुलिस की मुस्तैदी जांचने निकले एसएसपी अजय गणपति को कई चेकिंग प्वाइंट पर गंभीर लापरवाही मिली। कंट्रोल रूम को पुलिसकर्मियों ने गुमराह किया। एसएसपी ने मामले में नौ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर चार से स्पष्टीकरण तलब किया है। गत रात पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना प्रसारित की गई कि पंतनगर क्षेत्र में स्कार्पियो सवार कुछ युवकों ने फायरिंग की है। वारदात के बाद वे काशीपुर की ओर भागे हैं। इसके बाद पंतनगर से जसपुर बार्डर तक चेकिंग के निर्देश जारी हुए। रात 12 से तीन बजे तक एसएसपी अजय गणपति स्वयं निजी वाहन से रुद्रपुर से जसपुर तक चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करने निकले। निजी वाहन में होने से किसी को उनके निरीक्षण की भनक नहीं लगी। एसएसपी को महतोष मोड़ सहित कई स्थानों पर रात्रि अधिकारी अनुपस्थित मिले। कुछ ने
कंट्रोल रूम को लोकेशन गलत भेजी थी। एसएसपी ने केलाखेड़ा थाने के एसआइ हरीश महर, कांस्टेबल कमल सिंह, बाजपुर कोतवाली के एसआइ धीरेंद्र परिहार, कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह व पूरन चंद्र, आइटीआइ कोतवाली के एसआइ सुशील कुमार, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती व मोहन गिरी को निलंबित किया है।

To Top