उत्तराखण्ड

विश्व प्रसिद्ध ‘मेमोरी मैंन’ ने बिंदुखत्ता में दिए याददाश्त के मंत्र, क्षेत्रवासी हतप्रभ..


लालकुआं। विश्व विख्यात मेमोरी ट्रेनर ‘मेमोरी मैंन’ अजीत भारती ने स्थानीय चाइल्ड सैक्रेड विद्यालय में अद्भुत प्रस्तुति देकर उपस्थित अभिभावकों और बच्चों को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने एक साथ 100 से अधिक अंकों को आरोही और अवरोही क्रम में मात्र सेकंडों के भीतर सुनाकर अपनी अद्वितीय स्मरण शक्ति का परिचय दिया। अपनी इसी प्रस्तुति के दौरान उन्होंने गणित की जटिल समस्याओं का परिणाम कंप्यूटर या मोबाइल से पहले बता सबको चौंका दिया। इस कौशल को देखकर उपस्थित अभिभावकों ने उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि इस तरह की प्रतिभा देखकर हर कोई हैरान रह गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारती ने कहा, “यह कोई जादू नहीं बल्कि एक विज्ञान है।” उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज के बच्चे कॉपी-पेस्ट और रट्टे की दुनिया में जी रहे हैं, जिसके कारण वे बातें जल्दी भूल जाते हैं। लिहाजा, उन्होंने इस तकनीक को विज्ञान बताते हुए कहा कि यह कक्षा चार से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले सभी विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है।
उन्होंने बताया कि 2016 में तत्कालीन उत्तराखंड सरकार द्वारा उन्हें यूथ आइकॉन का अवार्ड दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यहां के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बस सही दिशा मिलनी चाहिए, अगर ऐसा होता है तो यहां की प्रतिभा पूरे विश्व में अपनी पहचान बना सकती है।
इस मौके पर विद्यालय की कई प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित जैव विविधता कार्यक्रमों में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली चाइल्ड सैक्रेड की नेचर साइंस टीम के विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं, राज्य जूडो चैंपियनशिप में द्वितीय स्थान प्राप्त कर 25 हजार रुपये का पुरस्कार जीतने वाली जूडो टीम और शिक्षा की ओर कार्यक्रम के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं में 10 हजार रुपये का इनाम पाने वाली बालिका का भी विशेष रूप से सम्मान किया गया।
विद्यालय की मैनेजमेंट डायरेक्टर सुनीता पांडे, प्रबंधक बसंत पांडे और प्रधानाचार्य डॉ. प्रीति सिंह ने सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुखर्जी नगर से आए गणित के जादूगर देव प्रकाश सर, अंकेश कुमार पांडे और यूपीएससी क्वालीफाइड संजय सिंह भी उपस्थित रहे।
फ़ोटो परिचय-
अभिभावकों व बच्चों को संबोधित करते मेमोरी मैन व मेमोरी ट्रेनर अजीत भारती
बच्चों को सम्मानित करते मुखर्जी नगर से आए अजीत भारती, देव प्रकाश व अन्य।

To Top