उत्तराखण्ड

उत्तराखंड पुलिस के हेड कांस्टेबल के घर में ताबड़तोड़ 11 राउंड फायरिंग… जवान की मौत से मचा हड़कम्प…

राजधानी देहरादून के रानीपोखरी क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस विभाग में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उनकी सर्विस कार्बाइन से एक साथ 11 राउंड फायर हुए, जिनमें से तीन गोलियां उनकी छाती में लगीं। पुलिस पूरे मामले की कई एंगल से जांच कर रही है। मृतक की पहचान 49 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त थे और वर्तमान में जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:15 बजे सुनील कुमार को सूचना मिली कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब है। इसके बाद वह अपनी सर्विस कार्बाइन लेकर रानीपोखरी क्षेत्र के नागाघेर स्थित घर पहुंचे।
परिजनों के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद उन्होंने गेट खटखटाया और आवाज दी। जब वह आंगन में जूते उतार रहे थे, तभी अचानक गोलियां चलने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर घर के अंदर मौजूद पत्नी, बेटा और बेटी बाहर पहुंचे तो सुनील खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े मिले।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुनील की सर्विस कार्बाइन से एक साथ 11 गोलियां चलीं। थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि सुनील की छाती में तीन गोलियां लगी थीं, जो उनकी मौत का कारण बनीं।
घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर रात करीब 10 बजे थाना रानीपोखरी पुलिस मौके पर पहुंची।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी देहात जया बलोनी के निर्देश पर फील्ड यूनिट ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही है कि जूते उतारते समय अचानक कार्बाइन से 11 राउंड फायर कैसे हो गए। जांच में हथियार की तकनीकी खराबी समेत अन्य संभावित पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि पिछले कुछ समय से सुनील कुमार का परिवार में विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना से पहले घर में कहासुनी होने की बात भी पुलिस को बताई है।फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है। मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि पिछले कुछ समय से सुनील कुमार का परिवार में विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों ने घटना से पहले घर में कहासुनी होने की बात भी पुलिस को बताई है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है। मामले की जांच सभी संभावित एंगल से की जा रही है।

To Top