लालकुआं। उत्तराखंड सरकार में दुग्ध विकास विभाग के मंत्री सौरभ बहुगुणा शुक्रवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी के मोटाहल्दू स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन को समय पर राहत मिलना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मंत्री सौरभ बहुगुणा के आगमन पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, पशुपालन सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। मंत्री ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पशुपालकों से दुग्ध विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि ये योजनाएं ग्रामीणों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री बहुगुणा ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों तथा पूर्व सैनिकों से भी मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पवन चौहान, ललित आर्य, देवेंद्र सिंह बिष्ट, विनोद श्रीवास्तव, संजय अरोड़ा, संजय राणा, कुंदन चुफाल, बिंदुखत्ता मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला और राजकुमार सेतिया सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
फोटो परिचय:- मोटाहल्दू में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा एवं भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी।





