उत्तराखण्ड

बरेली रोड के कटों को लेकर एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर से हुई पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल की यह वार्ता,

लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र के ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही ज्वलंत समस्याओं को लेकर आज क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक अंशुल जिंदल को ज्ञापन सौंपते हुवे कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर हल्दूचौड़ चौराहे के समीप बंद पड़े कट को जनहित में तत्काल खोला जाये, हल्दूचौड़ क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाई जाये, तथा आगामी पेराई सत्र को देखते हुए गन्ना किसानों की गन्ना ढुलान सम्बंधित समस्याओं का समय रहते समाधान करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि कट बंद होने के कारण हल्दूचौड़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में तमाम शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ महत्वपूर्ण कार्यालय, बैंक, धार्मिक संस्थान सहित अनेक सरकारी एवं निजी संस्थान स्थित हैं। कट बंद होने से लोगों को गलत दिशा से आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और आम जनता को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ज्ञापन में अनुरोध किया गया कि आगामी पेराई सत्र को ध्यान में रखते हुए गन्ना किसानों को अपनी गन्ने की फसल के परिवहन एवं आवागमन में होने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों का भी समाधान किया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज, चीनी मिल तक पहुंचाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही हल्दूचौड़ क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का भी आग्रह किया गया, जिससे स्थानीय जनता, व्यापारियों और किसानों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल, उमेश चन्द्र कबडवाल, हेमवती नन्दन दुर्गापाल, कैलाश बमेटा, जीवन कबडवाल, बसन्त जोशी, मनोज बिष्ट, नरेन्द्र सिंह सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
फोटो परिचय- विभिन्न समस्याओं को लेकर एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर से वार्ता करते पूर्व कैबिनेट मंत्री दुर्गापाल व अन्य

To Top