लालकुआं। भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आइसा के जिलाध्यक्ष एवं एक अन्य नेता को लालकुआं कोतवाली पुलिस ने आज दूसरे दिन शांति भंग के आरोप में गिरफ्तारी के बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। इस दौरान लगभग 24 घंटे तक दोनों नेताओं ने कोतवाली में अनशन किया, जब वह रिहा हुए तो उन्हें पुलिस द्वारा जूस पिलाया गया। इससे पूर्व आज प्रातः से दोपहर बाद तक इंडिया गठबंधन के नेताओं ने दोनों की रिहाई को लेकर कोतवाली में जबरदस्त प्रदर्शन भी किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल शाम को लालकुआं कोतवाली पुलिस द्वारा सोशल मीडिया में भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में आइसा के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार और आइसा नेता गोविंद राजभर को हिरासत में ले लिया था, जिन्हें पुलिस ने 24 घंटे तक कोतवाली में रखा और आज दोपहर बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। इस बीच गत शाम से ही इंडिया गठबंधन के नेता कोतवाली में एकत्र हो चुके थे, और आज प्रातः से कोतवाली परिसर में इंडिया गठबंधन के नेताओं की भारी भीड़ लग गई जो कि आइसा के दोनों नेताओं की रिहाई की जोरदार मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने के कई गंभीर आरोप लगाए।
प्रदर्शनकारियों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, माले नेता इंद्रेश मैखुरी, कैलाश पांडे, कुंदन सिंह मेहता, आनंद सिंह नेगी, विमला पाल, प्रभात पाल, भुवन जोशी, मीना कपिल, हेमवतीनंदन दुर्गापाल, सुमित कार्की, गोपाल गढ़िया, निर्मला शाही, कमल जोशी, गुरदयाल सिंह मेहरा, प्रमोद कॉलोनी समेत भारी संख्या में इंडिया गठबंधन के नेता कोतवाली में जुटे हुए थे, जो कि दोनों आइसा नेताओं की रिहाई के बाद ही वापस लौटे। जैसे ही आइसा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, उन्होंने अनशन शुरू कर दिया, दोनों नेताओं का कहना था कि जब तक पुलिस उन्हें रिहा नहीं करती तब तक वह अन्न जल ग्रहण नहीं करेंगे। आज शाम को जब उन्हें रिहा किया गया तब उन्हें पुलिस द्वारा बाकायदा जूस पिलाया गया। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा के अनुसार दोनों युवकों को भड़काऊ पोस्ट डालने पर हिरासत में लिया गया था, जिनका शांति भंग की आशंका की धारा 172/2 के तहत चालान करने के बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद, कोतवाल लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा, एसएसआई दीपक बिष्ट और बिन्दुखत्ता चौकी प्रभारी गौरव जोशी सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
फोटो परिचय- आइसा नेताओं की रिहाई को लेकर कोतवाली के सामने प्रदर्शन करते इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ता





