लालकुआं। जंगली हाथी टांडा रेंज के जंगल को पार करके अब भी ग्रामीण क्षेत्रों में आकर फसल को तहस-नहस करने में लगे हुए हैं। निकटवर्ती क्षेत्र बबूर गुम्टी में हाईवे पार करके गए जंगली हाथियों ने आधा दर्जन किसानों की फसल रौंद डाली, इस दौरान जंगली हाथी ने कुछ किसानों को दौड़ाया तथा आधी रात के बाद उक्त हाथी खेतों से वापस हाईवे पार कर टांडा के जंगल की ओर रवाना हुए तो ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 11 बजे टांडा के जंगल से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 109 पार करते हुए कुछ जंगली हाथी बबूर गुम्टी में पहुंच गए, जिन्होंने किसानों की फसल को रौंदते हुए उनका खूब नुकसान किया, ग्रामीणों के जागने पर उन्होंने शोर मचाया तो हाथी खेतों से नहीं हटे, शोर मचाने एवं टॉर्च दिखाने पर हाथी ग्रामीणों के पीछे दौड़ने लगे। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद हाथी ग्रामीणों के खेतों से वापस बबूर गुम्टी होते हुए टांडा के जंगल को वापस लौटे। इस दौरान गोपाल भट्ट, कैलाश पांडे, रेखा जग्गी और शेखर पांडे की फसलों को अत्यधिक नुकसान पहुंचा है। इधर वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी ने कहा कि कल रात जंगली हाथियों के हाईवे पार कर बबूर गुम्टी में आने की सूचना प्राप्त हुई है, वन विभाग ग्रामीणों के हुए नुकसान का आकलन करेगा।
फोटो परिचय- बबूर गुम्टी के समीप रेल पटरी पार करता जंगली हाथी





