उत्तराखण्ड

सेंचुरी मिल में श्रमिक की मौत:- आश्रितों को मिला इतना मुआवजा और स्थाई रोजगार

लालकुआं। यहां सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल में ड्यूटी के दौरान बिंदुखत्ता निवासी 34 वर्षीय श्रमिक मोहन राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर ब्याप्त है। सेंचुरी मिल प्रबंधन ने श्रमिक संगठनों से समझौते के अनुरूप मृतक परिवार को 9 लाख रुपया आर्थिक सहायता एवं परिवार के एक व्यक्ति को स्थाई रोजगार देने के लिखित समझोतानामा के बाद के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिंदुखत्ता के तिवारी नगर प्रथम निवासी मोहन राम गत दिवस जरनल पाली में सेंचुरी पेपर मिल में ड्यूटी में गया था। बताया जा रहा है कि शाम लगभग 4:15 बजे मोहन जब पैदल-पैदल मिल के अंदर ही जा रहा था, इसी दौरान भीषण गर्मी में वह गस खाकर गिर गया, तथा समीप स्थित नाले में जा गिरा आसपास के मजदूरों ने उसे तुरंत ही उठा कर सेंचुरी पेपर मिल की डिस्पेंसरी में पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर के लिए हल्द्वानी को रेफर कर दिया, हल्द्वानी डॉ सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया, कंपनी प्रबंधन की ओर से परिजनों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग आनन-फानन में हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। और शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई, और माहौल गमगीन हो गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहन राम बेहद मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
इधर मिल के उपाध्यक्ष नरेश चन्द्रा ने बताया कि सेन्चुरी पल्प एण्ड पेपर कारखाने के संविदाकार मेसर्स एस. एम. इन्टरप्राइजेज के संविदान्तर्गत कार्यरत संविदा श्रमिक (स्व.) मोहन राम पुत्र स्व० हरक राम, निवासी- बिन्दुखत्ता, लालकुआ, जिला- नैनीताल, दिनांक 19-05-2026 को “जनरल” शिफ्ट ड्यूटी में थे। दिनांक 19-05-2026 को अपराह्न लगभग 4:15 बजे वह कारखाने क इन्स्ट्रूमेन्ट विभाग के पीछे अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। इसकी सूचना तत्काल इन्स्ट्रूमेन्ट विभाग के अधिकारी श्री अरविन्द यादव ने कारखाने की डिस्पेन्सरी को दी जहां से उन्हे प्राथमिक उपचार देकर तत्काल बेहतर उपचार हेतु सुशीला तिवारी हास्पिटल, हल्द्वानी भेजा गया। सुशीला तिवारी हास्पिटल, हल्द्वानी के चिकित्सकों ने जांचोपरान्त उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उपरोक्त सन्दर्भ में प्रबन्धन, मृतक के परिवारजनों व कारखाने के श्रम संगठनों के मध्य आज दिनांक 20-05-2026 को वार्ता हुई एवम् श्रम संगठनों के साथ सम्पन्न पंजीकृत समझौता वर्ष 2021 व 2024 के आधार पर मृतक संविदा श्रमिक (स्व.) मोहन राम की पत्नी श्रीमती भावना देवी को आर्थिक सहायता स्वरूप रू0 9,00,000/- (रूपये नौ लाख मात्र) दिये जाने का निर्णय लिया गया साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि मृतक संविदा श्रमिक (स्व.) मोहन राम की पत्नी श्रीमती भावना देवी को या उनके इच्छानुसार उनके परिवार के किसी एक पात्र व्यक्ति को कारखाने में स्थायी नियोजन दिया जायेगा।

To Top