उत्तराखण्ड

लालकुआं के कट पर रफ्तार का कहर: स्कूटी सवार मनोज की दर्दनाक मौत, पत्नी-बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़

लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में रफ्तार का कहर एक बार फिर एक परिवार की खुशियां छीन ले गया। मुक्तिधाम श्मशान घाट के सामने स्थित कट पर हुए भीषण सड़क हादसे में बिंदुखत्ता के राजीव नगर प्रथम निवासी 35 वर्षीय मनोज कुमार कर्नाटक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार राजीव नगर प्रथम निवासी मनोज कुमार कर्नाटक पुत्र भुवन चंद्र कर्नाटक गुरुवार शाम करीब चार बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से मुक्तिधाम श्मशान घाट के सामने बने कट से लालकुआं की ओर मुड़ रहे थे। इसी दौरान नगला की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज कई फीट दूर जा गिरे। हादसे में उनके सिर, कमर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। टक्कर से स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार को भी काफी नुकसान पहुंचा।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेते हुए घायल मनोज को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल एसटीएच हल्द्वानी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बरेली रोड स्थित राम मूर्ति अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान मनोज ने दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  जम्मू कश्मीर फायरिंग में जान गंवाने वाले सहायक कमांडेंट की ससुराल है हल्द्वानी,

एक के बाद एक बरेली रोड में हो रहे हादसों ने बढ़ाई चिंता

लालकुआं क्षेत्र में तीन दिन के भीतर सड़क हादसों में तीन मौत होने से सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि संवेदनशील कटों और दुर्घटना संभावित मार्गों पर वाहनों की गति नियंत्रित करने तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने बेहद जरूरी हैं। वही आज शाम को बेरीपड़ाव के समीप सड़क पार कर रहा एक व्यक्ति तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक मूल रूप से नेपाल का निवासी है, जबकि लंबे समय से वह मोटाहल्दु के एक स्टोन क्रेशर में चौकीदार के पद पर कार्यरत था
उल्लेखनीय है कि मनोज कुमार कर्नाटक का वर्ष 2013 में विवाह हुआ था। उनके परिवार में पत्नी नीमा कर्नाटक और 10 व 8 वर्ष की दो मासूम बेटियां हैं। मनोज की असमय मौत से पत्नी और दोनों बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बड़े भाई दीपू कर्नाटक सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कार्रवाई के तहत मृतक के शव का एसटीएच हल्द्वानी में पोस्टमार्टम करा कर शाहू परिजनों को सौंप दिया गया जिसके बाद उन्होंने गमगीन माहौल में चित्रशिला घाट में मृतक मनोज का अंतिम संस्कार किया। हादसे के बाद से राजीव नगर प्रथम समेत पूरे बिंदुखत्ता क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

To Top