लालकुआं। बिंदुखत्ता क्षेत्र में दो दर्जन से अधिक दुग्ध समितियों के अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हो गई। अधिकांश समितियों में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, लेकिन कुछ समितियों में मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का रहा। खास तौर पर राजीव नगर प्रथम और राजीव नगर बोरिंग पट्टी दुग्ध समिति में अध्यक्ष पद को लेकर सदस्यों के बीच जबरदस्त खींचतान देखने को मिली।
निर्वाचन में सबसे बड़ा उलटफेर राजीव नगर बोरिंग पट्टी दुग्ध समिति में देखने को मिला, जहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भरत सिंह नेगी को हार का सामना करना पड़ा। कड़े मुकाबले में जगदीश पंत ने पांच-चार के अंतर से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद अपने नाम कर लिया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
वहीं राजीव नगर प्रथम दुग्ध समिति में नौ सदस्यीय बोर्ड में किसी भी पक्ष को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने से अध्यक्ष पद का चुनाव दिलचस्प हो गया। दोनों दावेदारों ने अपने-अपने पक्ष में सदस्यों को लामबंद करने का प्रयास किया। इस दौरान सदस्यों पर दबाव बनाए जाने की चर्चाएं भी सामने आईं। वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को दूसरे पक्ष के समर्थन से दूर रखने के प्रयास किए जाने की भी चर्चा रही। हालांकि इन प्रयासों का कोई खास असर नहीं हुआ और अंततः अध्यक्ष पद के लिए मतदान कराया गया। मतदान में दीपा मेहरा ने अपने प्रतिद्वंद्वी कैप्टन चंचल सिंह कोरंगा को पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। कैप्टन कोरंगा को चार सदस्यों का समर्थन मिला, जबकि बहुमत दीपा मेहरा के पक्ष में रहा।
दूसरी ओर च्यूरीगाड़ दुग्ध समिति में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा लगातार अपना दबदबा कायम रखने में सफल रहे। उन्हें समिति का अध्यक्ष 12वीं बार निर्विरोध निर्वाचित किया गया। उनके निर्विरोध निर्वाचन से समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसी तरह हल्दूचौड़ के डूंगरपुर दुग्ध समिति में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल लगातार दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उनके निर्वाचन को क्षेत्र में कांग्रेस खेमे के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इन समितियों में भी निर्विरोध चुने गए अध्यक्ष बिंदुखत्ता क्षेत्र की अधिकांश दुग्ध समितियों में सदस्यों ने आपसी सहमति से अध्यक्षों का चयन किया। इनमें **पूर्वी राजीव नगर प्रथम में रेखा रावत, पश्चिमी घोड़ानाला में नंदन सिंह बोरा, तिवारी नगर में बसंत जोशी, रावत नगर प्रथम में प्रदीप बथ्याल, रावत नगर तृतीय में गोविंद मेहता, चित्रकूट दुग्ध समिति में कुंदन सिंह मेहता, इंदिरा नगर द्वितीय में मदन सिंह बिष्ट, आदर्श गांव महिला डेरी में कमला मेर, इंदिरा नगर द्वितीय महिला डेरी में कमला गोस्वामी, बाजपुर चौराहा दुग्ध समिति में राजेंद्र सिंह, खैरानी दुग्ध समिति में सरूली देवी, टूटी पुलिया दुग्ध समिति में नवीन पपोला, इंदिरा नगर प्रथम में चंद्रा तिवारी तथा सुभाष नगर घोड़ानाला में उम्मेद सिंह बिष्ट अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
दुग्ध समितियों के इन चुनावों में जहां अधिकांश स्थानों पर आपसी सहमति से निर्वाचन संपन्न हुआ, वहीं कुछ समितियों में हुए कांटे के मुकाबले ने क्षेत्र की सियासी हलचल बढ़ा दी। खास तौर पर वरिष्ठ भाजपा नेता की हार और कांग्रेस नेता के लगातार दूसरी बार निर्वाचित होने के साथ ही मुकेश बोरा का 12वीं बार निर्विरोध अध्यक्ष चुना जाना चुनाव के प्रमुख चर्चा के केंद्र में रहा।




