उत्तराखण्ड

बिंदुखत्ता राजस्व गांव आंदोलन पर इंडिया गठबंधन की बैठक में घमासान, नेतृत्व को लेकर भिड़े दो पक्ष,

लालकुआं। राजस्व गांव की मांग को लेकर प्रस्तावित आंदोलन को धार देने के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और भाकपा माले की संयुक्त बैठक मां हाट कालिका मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति और स्वरूप को लेकर चर्चा होनी थी, लेकिन आंदोलन के नेतृत्व को लेकर अलग-अलग राय सामने आने के बाद माहौल गरमा गया और बैठक कुछ समय के लिए हंगामेदार हो गई।
बैठक में कुछ लोगों ने राजस्व गांव की लड़ाई संघर्ष समिति के नेतृत्व में चलाने की पैरवी की। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने आंदोलन को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और भाकपा माले के नेतृत्व में गठित इंडिया गठबंधन के बैनर तले संचालित करने की पुरजोर वकालत की। नेतृत्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद के चलते काफी देर तक गहमागहमी रही, जिसके कारण प्रस्तावित आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा नहीं हो सकी।
मामला बढ़ता देख वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद सर्वसम्मति से आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए एक संयुक्त कमेटी का गठन किया गया। कमेटी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप बथ्याल और किसान महासभा की जिला अध्यक्ष एवं भाकपा माले की वरिष्ठ नेता बिमला रौथाण को संयुक्त अध्यक्ष, जबकि कुंदन सिंह मेहता को मुख्य संयोजक बनाया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजस्व गांव का मुद्दा क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है और इसे मजबूती से उठाने के लिए सभी संबंधित लोगों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। साथ ही आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप बथ्याल, महामंत्री प्रकाश आर्य, प्रकाश कापड़ी, किसान महासभा की जिला अध्यक्ष बिमला रौथाण, भाकपा माले नेता भुवन जोशी, पुष्कर दूबड़िया, पूर्व दर्जा मंत्री राजेंद्र खनवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बीना जोशी, प्रमोद कॉलोनी, पुष्कर सिंह दानू, राजेंद्र सिंह चौहान, देवी दत्त पांडे, जमुना दत्त पांडे, कुंदन सिंह मेहता, नरेंद्र सिंह बिष्ट, मीना कपिल, दीपा बिष्ट, गोविंद बल्लभ भट्ट, प्रकाश जोशी, रमेश कुमार, विजय सामंत, मदन फर्स्वाण, कैप्टन इंद्र सिंह पनेरी, गुरुदयाल सिंह मेहरा, कैप्टन बलवंत सिंह कोरंगा, मोहन सिंह नयाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो परिचय- राजस्व गांव के मुद्दे को लेकर बैठक करते कांग्रेस और माले कार्यकर्ता

To Top