उत्तराखण्ड

मुस्लिम समाजसेवी के गणेश महोत्सव में नृत्य का वीडियो वायरल करने के बाद मचा बवाल, हिंदूवादी नेता ने जताई नाराजगी… देखें वीडियो,

लालकुआं। नगर के समाजसेवी जफर अंसारी ने हिंदूवादी नेता कमल मुनि के साथ कोतवाली पहुंचकर सोशल मीडिया पर उनका वीडियो प्रसारित करने, अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हिंदूवादी नेता कमल मुनि ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कोतवाली में दी तहरीर में जफर अंसारी ने बताया कि वह वर्षों से गणेश महोत्सव समिति से जुड़े हैं और धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। उनका आरोप है कि करीब दो वर्ष पूर्व गणेश महोत्सव के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भगवान भोले शंकर के भजन पर उनके नृत्य का वीडियो नई बस्ती निवासी समीर खान ने बना लिया था।
जफर अंसारी का आरोप है कि अब उक्त वीडियो उनकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। वीडियो के साथ उनके प्रति अभद्र, अपमानजनक एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई हैं तथा उन्हें ‘सबक सिखाने’ की धमकी भी दी गई। उन्होंने कहा कि इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होने के साथ ही उनके मन में भय एवं असुरक्षा का माहौल बना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो वायरल होने के बाद नासिर हुसैन नामक व्यक्ति ने भी उनके संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और अन्य लोगों से उनके बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। उनके अनुसार, नासिर हुसैन की कुछ टिप्पणियां बाद में सोशल मीडिया से हटा दी गईं।

यह भी पढ़ें 👉  राजस्व गांव की मांग पर बिंदुखत्ता से लालकुआं जुलूस के बाद बेमियादी क्रमिक अनशन शुरू,

जफर अंसारी ने पुलिस से मामले की प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच तथा आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। इधर, प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
फोटो परिचय- लालकुआं कोतवाल को ज्ञापन देते जफर अंसारी और हिंदूवादी कमल मुनि

To Top