लालकुआं। कहते हैं पूत के पांव पालने में ही दिख जाते हैं, यह कहावत आज यहां उस समय चरितार्थ हो गई, जब उत्तराखंड के लाल ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट की परीक्षा क्वालीफाई कर ली। इस मेधावी बालक द्वारा हासिल की गई इस सराहनीय उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर व्याप्त है। यहां हल्दूचौड़ के दुर्गापालपुर परमा निवासी गोपाल दत्त मिश्रा व विमला मिश्रा के पुत्र हिमांशु मिश्रा ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बचपन से मेधावी हिमांशु ने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और आईआईटी वाराणसी से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की। इसके बाद विदेशी कंपनी में हाई पैकेज की नौकरी छोड़कर उन्होंने सेना में अधिकारी बनने का अपना बचपन का सपना पूरा किया।
हिमांशु के पिता 17 कुमाऊं रेजिमेंट से हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। उनकी उपलब्धि पर विधायक डा. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन चंद्र दुम्का, जिला पंचायत सदस्य दीपा चंदोला, कमलेश चंदोला, हेमवतीनंदन दुर्गापाल, ग्राम प्रधान सुरेंद्र मलवाल सहित क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




