उत्तराखण्ड

लालकुआं की स्वच्छता और विकास से प्रभावित कपकोट की अध्यक्ष पहुंची लालकुआं नगर पंचायत— बोल गई यह बड़ी बात,

लालकुआं। कपकोट नगर पंचायत की अध्यक्ष गीता ऐठानी ने गुरुवार को लालकुआं नगर पंचायत का दौरा कर यहां संचालित विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। लालकुआं में प्रभावी कूड़ा प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और आधुनिक जनसुविधाओं को देखकर वह काफी प्रभावित नजर आईं। उन्होंने कहा कि लालकुआं में संचालित उपयोगी योजनाओं का अध्ययन कर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप इन्हें कपकोट नगर पंचायत में भी लागू करने का प्रयास किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान गीता ऐठानी ने वेस्ट टू वंडर पार्क, कूड़ा पृथक्करण व्यवस्था, एमआरएफ सेंटर, वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट सहित विभिन्न स्वच्छता एवं कूड़ा प्रबंधन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और नगर पंचायत कर्मियों से कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण, उसके पृथक्करण से लेकर प्रोसेसिंग तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने यह भी समझा कि सीमित संसाधनों के बीच नगर पंचायत किस प्रकार स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है।
इसके साथ ही उन्होंने लालकुआं में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी और एनडी तिवारी बैंक्वेट हॉल का भी निरीक्षण किया। डिजिटल लाइब्रेरी में उपलब्ध सुविधाओं और युवाओं व विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने ऐसी जनोपयोगी योजनाओं की सराहना की।
इस दौरान लालकुआं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कपकोट अध्यक्ष को नगर पंचायत में संचालित विभिन्न योजनाओं, उनकी कार्यप्रणाली और अब तक सामने आए परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत की ओर से स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए कूड़ा पृथक्करण, वैज्ञानिक निस्तारण और वेस्ट प्रोसेसिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी ने कहा कि **कूड़ा प्रबंधन, वेस्ट टू वंडर पार्क और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी योजनाएं लालकुआं में बेहतर परिणाम दे रही हैं। इन योजनाओं की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर कपकोट की भौगोलिक एवं स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप इन्हें लागू करने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के बीच इस तरह के अध्ययन और अनुभवों का आदान-प्रदान विकास कार्यों को और बेहतर बनाने में मददगार साबित हो सकता है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि नगर पंचायत का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के साथ ही नागरिकों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर धरातल पर दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि लालकुआं नगर पंचायत लगातार दो वर्षों से स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड में प्रथम स्थान हासिल कर रही है। ऐसे में कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष का लालकुआं पहुंचकर यहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करना और इन्हें अपने नगर में लागू करने की इच्छा जताना लालकुआं नगर पंचायत के स्वच्छता एवं विकास प्रयासों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  जन्मदिन के बहाने दीपेंद्र कोश्यारी ने दिखाई ताकत, लालकुआं में उमड़ा समर्थकों का सैलाब... वीडियो

फोटो परिचय— कपकोट नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी को लालकुआं की विकास एवं स्वच्छता योजनाओं की जानकारी देते नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी।

To Top