उत्तराखण्ड

लालकुआं कोतवाली से चंद कदम दूर बीच शहर में वनकर्मी के घर लाखों की चोरी… देखें वीडियो,

लालकुआं। कोतवाली लालकुआं से महज पांच मीटर की दूरी पर स्थित वनकर्मी के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर के दरवाजे का कुंडा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह है कि कोतवाली के ठीक बगल में हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर चार आजाद नगर निवासी मोहिनी परिहार का मकान लालकुआं कोतवाली के ठीक बगल में स्थित है। गत दिवस वह एक रिश्तेदारी में आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थीं और रात को घर नहीं लौटीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बना लिया। चोर दरवाजे का कुंडा तोड़कर घर के अंदर घुसे और वहां रखे कीमती जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए।
मोहिनी परिहार के अनुसार, चोर घर से सोने के दो मंगलसूत्र, जिनका कुल वजन दो तोले से अधिक बताया गया है, कान के टॉप्स, करीब आधा किलो चांदी और 22 हजार रुपये की नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घर लौटने पर चोरी की जानकारी मिलने से उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वार्ड नंबर चार स्थित एक घर में चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि मोहिनी परिहार के पति स्वर्गीय भीम सिंह वन विभाग में कार्यरत थे, जबकि उनके पुत्र वीरेंद्र परिहार वर्तमान में टांडा रेंज में डिप्टी रेंजर के पद पर तैनात हैं। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर हुई इस चोरी की घटना ने स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है।

To Top