उत्तराखण्ड

लालकुआं में एक साल में उजड़ गया पूरा संसार… पहले मां गई, अब सड़क हादसे में पिता भी चल बसे

लालकुआं। शहर में निवास करने वाले एक परिवार पर आज कयामत टूट पड़ी। जिसमें महज 28 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में हुई मौत की घटना से उसका पूरा परिवार समाप्त हो गया, अब उसका नन्हा सा बेटा परिवार के दूसरे लोगों के रहमों करम पर है। क्षेत्र में हुई इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। लालकुआं निवासी 28 वर्षीय मोटर मिस्त्री रहीम खान की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। रहीम की मौत से जहां परिवार में कोहराम मचा है, वहीं उसका मासूम बेटा एक ही साल के भीतर पहले मां और अब पिता को खोकर अनाथ हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात्रि मोतीनगर कट के पास मोटरसाइकिल संख्या यूके04 एटी-6967 से लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे रहीम खान को गलत दिशा से आ रहे एक छोटे हाथी ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार रहीम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
112 पर सूचना मिलने के बाद हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को एंबुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी भेजा गया। घटना स्थल चौकी मंडी क्षेत्र से संबंधित होने के कारण मंडी चौकी को भी सूचना दी गई। पुलिस द्वारा मौके से साक्ष्य संकलित किए गए हैं। दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को हल्दूचौड़ चौकी, कोतवाली लालकुआं में खड़ा किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं के दलित कार्यकर्ता के घर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की चाय बनी चर्चा का केंद्र... देखें वीडियो,

एक साल में उजड़ गया पूरा संसार

रहीम खान लालकुआं के सुभाष नगर/खड्डी मोहल्ले का रहने वाला था और मोटर मिस्त्री का काम कर परिवार का भरण-पोषण करता था। जिंदगी अभी उसके छोटे से परिवार के लिए नई उम्मीदें लेकर आगे बढ़ ही रही थी कि पिछले वर्ष मार्च माह में एक ऐसी त्रासदी ने दस्तक दी, जिसने परिवार को अंदर तक तोड़ दिया।
रहीम की पत्नी गुलब्सा का बच्चे को जन्म देते समय आकस्मिक निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद रहीम ही अपने नन्हे बेटे का सहारा बना था। पिता ने मां बनकर भी बेटे को संभाला और जिंदगी को किसी तरह आगे बढ़ाने की कोशिश करता रहा।
लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। पत्नी की मौत के करीब एक वर्ष बाद सड़क हादसे ने रहीम की जिंदगी भी छीन ली। अब वह मासूम बच्चा, जिसने पहले अपनी मां को खोया और अब पिता को भी खो दिया, अपनों की ओर निहारता रह गया है।
रहीम की अचानक मौत की खबर जैसे ही परिजनों और परिचितों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। मोहल्ले और क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई। हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल था—जिस मासूम ने पहले मां का आंचल खोया, अब उसके सिर से पिता का साया भी कैसे उठ गया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक के बाद एक दोहरी त्रासदी झेल चुके इस परिवार की पीड़ा ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
फाइल फोटो—मृतक रहीम खान एवं उनकी दिवंगत पत्नी गुलब्सा।

To Top