लालकुआं। वीआईपी गेट स्थित रेलवे फाटक के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय करीब 25 वर्षीय युवक कासगंज पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीआईपी गेट क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाला सुरेंद्र सिंह राठौड़ (25) पुत्र महेंद्र सिंह राठौड़ सोमवार सुबह करीब 11 बजे रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं से कासगंज की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस और जीआरपी टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल ने बताया कि मृतक मूल रूप से ग्राम जमालपुर, तहसील दातागंज, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) का निवासी था और वर्तमान में वीआईपी गेट लालकुआं क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। वह अविवाहित था।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार मृतक का परिवार पूर्व में नगीना कॉलोनी में रहता था। रेलवे विस्तारीकरण के दौरान कॉलोनी हटने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई थी। बताया गया कि परिवार के पास शव को अस्पताल से वापस लाने तक के लिए भी पर्याप्त धन नहीं था। ऐसे में पोस्टमार्टम के बाद शव को लालकुआं लाने के लिए जीआरपी के जवानों और मौके पर मौजूद पत्रकारों ने आर्थिक सहयोग किया।




