लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ परिसर में भगवान विश्वकर्मा का पूजनोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दुग्ध संघ परिसर में स्थापित विभिन्न मशीनरी एवं उपकरणों की विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान विश्वकर्मा से संस्थान की उन्नति, सुख-समृद्धि और मशीनरी के सुचारू संचालन की कामना की गई। पूजन कार्यक्रम में दुग्ध संघ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर दुग्ध संघ परिसर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। कार्यक्रम के तहत संगीतमय सुंदरकांड कथा का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान किया। सुंदरकांड के उपरांत विधि-विधान के साथ हवन एवं यज्ञ संपन्न कराया गया। यज्ञ में आहुतियां देकर दुग्ध संघ की निरंतर प्रगति, कर्मचारियों के सुख-स्वास्थ्य और क्षेत्र में खुशहाली की कामना की गई।
इसके पश्चात भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं महाआरती की गई। दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रबंधक प्रशासन संजय भाकुनी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूजा में शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान दुग्ध संघ की उत्पादन प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली मशीनरी एवं संयंत्रों की भी पूजा की गई।
पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के समापन के बाद दुग्ध संघ परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में दुग्ध संघ के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दुग्ध संघ परिसर श्रद्धा और आस्था के माहौल से सराबोर रहा।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण और तकनीकी कौशल का प्रतीक माना जाता है। औद्योगिक एवं तकनीकी संस्थानों में विश्वकर्मा पूजन का विशेष महत्व है। उन्होंने दुग्ध संघ की निरंतर प्रगति और बेहतर कार्यप्रणाली के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान दुग्ध संघ के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
फोटो परिचय:- विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर दुग्ध संघ परिसर में महाआरती करते अध्यक्ष मुकेश बोरा व अन्य।




