लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा हल्दूचौड़ तिराहे के पास बंद किए गए कट पर हुवे दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवे क्रॉस करते समय स्कूटी सवार एंबुलेंस चालक को डंपर ने कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल पांडे पुत्र पूरन पांडे, निवासी हिम्मतपुर चौम्वाल, बेरीपड़ाव के रूप में हुई। वह एंबुलेंस चलाता था।
जानकारी के अनुसार आज दोपहर करीब पौने एक बजे हल्दूचौड़ तिराहे पर पूर्व में कट जिसे बाद में बंद कर दिया गया से कमल पांडे स्कूटी से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित गति से हल्द्वानी की ओर से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मृत्यु की पुष्टि के लिए एसटीएच चिकित्सालय हल्द्वानी भेज दिया।
हालांकि दुर्घटना से संबंधित डंपर हल्दूचौड़ चौकी पुलिस के जवानों ने पकड़ लिया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले कुछ समय से प्रायः हो रही सड़क दुर्घटनाओ ने एक बार फिर हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तथा बेरीपड़ाव से शिवपुरी तक बीच में एक भी कट नहीं होने के चलते लोगों को हो रही भारी परेशानी स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभाग को नहीं दिखाई दे रही है।
कमल पांडे की हादसे में मौत की सूचना से हिम्मतपुर चौम्वाल और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक 35 वर्षीय कमल पांडे एंबुलेंस चालक है, उसकी 3 साल की एक बेटी भी है, तथा परिवार के दो भाइयों में वह छोटा भाई था। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए संबंधित विभागों से ठोस और स्थायी कदम उठाने की मांग की है।
फोटो परिचय- हल्दूचौड़ में युवक की मौत के बाद मौके पर एकत्रित भीड़




