हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के रामपुर रोड पर देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब नशे में धुत एक युवक ने बाइक पर साथ लाई युवती को हेलमेट से बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया। बीच सड़क युवती के साथ हो रही मारपीट देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। युवती को बचाने पहुंचे लोगों के साथ भी आरोपी ने जमकर गालीगलौज की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके नशे में होने की पुष्टि हुई।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक देर रात चकलुवा से बाइक पर एक युवती को लेकर हल्द्वानी पहुंचा था। रामपुर रोड पर अचानक उसने बाइक रोकी और युवती के साथ विवाद करते हुए हेलमेट से उस पर हमला शुरू कर दिया। हमले में युवती लहूलुहान हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव कर युवती को बचाने का प्रयास किया तो आरोपी उनसे भी उलझ पड़ा और अभद्रता करने लगा। इसी बीच युवक के चार-पांच अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। लोगों ने किसी तरह युवती को मौके से सुरक्षित रवाना किया।
घटना की सूचना मिलते ही टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़कर चौकी ले गई। पूछताछ के दौरान आरोपी कभी युवती को अपनी पूर्व प्रेमिका बताता रहा तो कभी उस पर देह व्यापार में संलिप्त होने का आरोप लगाने लगा। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शादीशुदा है और ऊर्जा निगम में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत बताया जा रहा है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि युवती की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।



