हल्द्वानी। यहां बहुत ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से हड़कंप मच गया है, यहां पंचायत घर निवासी मुनेश देवी ने अपने दामाद बंदोबस्ती निवासी अरुण पटेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि वर्ष 2023 में अरुण ने उनकी बेटी भावना की हत्या कर उसे आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया और फर्जी सुसाइड नोट भी बनाया। यह मामला 10 सितंबर को पुलिस ने कोर्ट के आदेश से दर्ज किया और जांच शुरू की है।मुनेश देवी के अनुसार 24 नवंबर 2023 की सुबह उनके चचेरे देवर हेमू लाल ने सूचना दी कि उनकी बेटी भावना ने जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसे एसटीएच लेकर गए हैं। जानकारी मिलतेवह परिवार के साथ अस्पताल पहुंची तब वहां दामाद अरुण पटेल व अन्य लोग पहले से मौजूद थे। डॉक्टरों ने अस्पताल लाने से पहले ही मौत होने की पुष्टि की।आरोप यह भी है कि उनकी बेटी की हत्या कर आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तब कोर्ट का रुख किया। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने बताया कि कोर्ट के आदेश से प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस पर लगे आरोपों को भी जांचा जाएगा।




