लालकुआं। नगर के राजीव नगर बंगाली कॉलोनी में एक युवक ने एक सप्ताह से पूरे मोहल्ले की नाक में दम कर रखा है, उक्त युवक अपने घर की छत एवं गली में गाली गलौज करने के साथ-साथ किसी भी व्यक्ति से मारपीट पर उतारू हो जा रहा है, अर्द्धविक्षिप्त जैसा दिखने वाले उक्त युवक की इन हरकतों से पूरा मोहल्ला परेशान है। स्थानीय निवासियों ने कोतवाली में जाकर पुलिस को हस्ताक्षरित ज्ञापन देकर उक्त युवक के प्रकोप से बचाने की गुहार लगाई है। राजीव नगर बंगाली कॉलोनी निवासी राजकुमार शर्मा का कहना है कि युवक ने दिन-रात सड़क में तांडव मचाया हुआ है, वह आते जाते महिला पुरुषों से गाली गलौज करने के साथ-साथ ईट एवं पत्थर से मारने पर उतारू हो जा रहा है। उक्त युवक की दहशत के चलते लोग घरों से निकलने में भी डर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल उक्त युवक को गिरफ्तार करने की मांग की है, उक्त ज्ञापन में दो दर्जन से अधिक कॉलोनी वासियों ने हस्ताक्षर किए हैं। लोगों का आरोप है कि वह कोतवाली पुलिस से लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं परंतु पुलिस ने अब तक उनकी मदद नहीं की है।





