उत्तराखण्ड

प्रसिद्ध कथावाचक ब्यास कपिल देव महाराज के हल्द्वानी स्थित आवास में हुआ भीषण अग्निकांड, लाखों का सामान जल कर राख,

हल्द्वानी। लामाचौड़ के गांधी आश्रम क्षेत्र के निवासी प्रसिद्ध कथावाचक व्यास कपिल देव महाराज के निजी आवास में सोमवार को अचानक भीषण अग्निकांड हो जाने से अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट के चलते हुए अग्निकांड में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है।
शाम को लगभग 7 बजे अचानक हुए इस अग्निकांड ने देखते ही देखते घर के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और घटना की जानकारी दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
बताया जा रहा है कि आग से जले घरेलू सामान में फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ए सी, टीवी, फ्रिज सहित अन्य कपड़े कीमती वस्तुओं को भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। संबंधित विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और सभी ने इस अप्रिय घटना पर दुख व्यक्त किया।

To Top