लालकुआं।
नैनीताल-ऊधमसिंह नगर क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत दिलाने के उद्देश्य से सांसद अजय भट्ट ने लालकुआं-प्रतापनगर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को नियमित रूप से संचालित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजा है।
अपने पत्र में सांसद भट्ट ने अवगत कराया कि 4 मई 2026 से ट्रेन संख्या 09119/09120 प्रतापनगर-लालकुआं सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया जा रहा है, जो निश्चित रूप से क्षेत्र के यात्रियों के लिए लाभकारी कदम है। हालांकि, वर्तमान में यह ट्रेन केवल सीमित अवधि के लिए स्पेशल के रूप में चलाई जा रही है, जिससे स्थायी सुविधा नहीं मिल पा रही है।
उन्होंने कहा कि लालकुआं और आसपास के क्षेत्रों से गुजरात समेत पश्चिम भारत के विभिन्न शहरों के लिए यात्रियों की संख्या काफी अधिक रहती है। इसके बावजूद इस रेलखंड पर नियमित ट्रेन सेवा का अभाव लंबे समय से बना हुआ है, जिससे लोगों को असुविधा झेलनी पड़ती है।
सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि नैनीताल सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्र देश-विदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हैं। ऐसे में नियमित और सीधी रेल सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया कि इस सुपरफास्ट ट्रेन को नियमित रूप से संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को स्थायी लाभ मिलेगा।
फाइल फोटो- अजय भट्ट





