
लालकुआं। यहां लालकुआं हल्दूचौड़ के बीच बबूर गुम्टी में सड़क पार कर रहे युवक को हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज गति के वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसके चलते युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को घटना की सूचना दी, इसके बाद 108 एंबुलेंस द्वारा पुष्टि के लिए उसे हल्द्वानी सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात लगभग पौने 10 बजे बबूर गुम्टी के समीप नरूला प्लाट में चालक एवं चौकीदार के पद पर कार्यरत प्रेम सिंह उम्र 44 वर्ष बबूर गुम्टी में ही निवास करता है, वह हाईवे पार कर रहा था तभी हल्द्वानी की ओर से आए तेज गति के अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रेम सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के दुकानदारों एवं राहगीरों ने घटना की सूचना 112 नंबर पर दी, जिसके बाद पुलिस एवं 108 की मदद से उक्त युवक को मृत्यु की पुष्टि के लिए हल्द्वानी डॉ सुशीला तिवारी चिकित्सालय को रवाना किया गया है। इस दौरान टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट भी उखड़कर मौके पर ही गिर गई, तथा वहीं पर रहने वाले प्रेम सिंह के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, तथा उसको लहूलुहान हालत में सड़क पर पड़ा देखकर परिवार में कोहराम मच गया है।





