लालकुआं। लालकुआं से हल्द्वानी की ओर आ रहे बाइक सवार दो युवक गोरापड़ाव क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक और बाइक की टक्कर हुई, जिसके बाद बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें जबरदस्त आग लग गई।
हादसे में घायल दोनों युवकों की पहचान लालकुआं निवासी अयान और सिद्धार्थ के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोरापड़ाव क्षेत्र में यातायात नियमों के पालन और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर पहले भी चिंता जताई जाती रही है। नागरिकों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई हैं।





