उत्तराखण्ड

हल्द्वानी के शिक्षण संस्थान से उड़ाई बाइक:- बिना हेलमेट बाइक चलाने पर चोर का हुआ चालान…

हल्द्वानी। मुखानी कोतवाली क्षेत्र के एक नामी संस्थान से बाइक चोरी का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक छात्र की बाइक चोरी तो हुई, लेकिन कुछ ही घंटों बाद पीड़ित छात्र के मोबाइल पर उसकी बाइक का चालान आ गया, जिसमें अन्य युवक की फोटो थी। पुलिस अंदेशा जता रही है कि चोरी कर भाग रहे युवक का बिना हेलमेट में चालान हुआ होगा।
मूल रूप से रामनगर, ढेला निवासी करन सिंह लामाचौड़ स्थित इंस्टीट्यूट में बी-फार्मा तृतीय वर्ष का छात्र है। बीती 15 मई को करन रोज की तरह सुबह करीब 8:45 बजे कॉलेज पहुंचा और अपनी बाइक गेट के पास पार्क कर अंदर चला गया। दोपहर करीब तीन बजे जब कॉलेज की छुट्टी हुई और वह बाहर
आया, तो बाइक गायब थी। मामले में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब छात्र अपनी बाइक तलाश ही रहा था। इसी बीच उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया। यह उसकी चोरी गई बाइक का ट्रैफिक चालान था। जब छात्र ने चालान का लिंक खोला, तो उसमें बाइक दौड़ा रहे युवक की फोटो साफ नजर आ रही थी।
पीड़ित छात्र ने तुरंत चालान के सबूत के साथ मुखानी थाने में लिखित तहरीर दी। एसओ सुशील जोशी ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद चालान में आई फोटो के आधार पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने दावा है कि शातिर चोर जल्द गिरफ्त में होगा।

To Top