लालकुआं। रेलवे के विस्तारीकरण कार्य के दौरान कॉलोनी क्षेत्र में किया जा रहे भवन निर्माण के लिए बिछाई जा रही पाइप लाइन में आड़े आ रहे एक हरे वृक्ष को काटने पर वन विभाग ने रेलवे के संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में बनाए जा रहे भवन निर्माण के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा था, इसी लाइन निर्माण में आड़े आ रहे एक हरे भरे वृक्ष को काटने पर तराई पूर्वी वन प्रभाग के गौला रेंज के वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी द्वारा भेजे गए उड़नदस्ते ने उक्त कार्य को रोकते हुए पेड़ काटने वाले संबंधित ठेकेदार के खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर दिया। वन क्षेत्राधिकारी चंदन सिंह अधिकारी का कहना है कि उन्हें सूचना मिली कि रेलवे द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान एक हरे वृक्ष को काट दिया गया है मौके पर पहुंची टीम ने उक्त कटे हुए वृक्ष को मौके से ही बरामद कर लिया, तथा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करते हुए अब अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
फोटो परिचय- रेलवे द्वारा काटा गया हरा वृक्ष





