हल्द्वानी। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में एक साल पहले सामने आए दुष्कर्म के मामले में अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं हो सकी है। इससे जांच पर सवाल उठ रहे हैं। मामला देहरादून तक पहुंचा तो पूरे विभाग में खलबली मची हुई है। घटना 2025 की बताई जा रही है। लालकुआं निवासी महिला ने एक कारोबारी पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। जांच के दौरान लापरवाही का आरोप लगने पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्कालीन महिला दरोगा को सस्पेंड कर दिया था, जो कि पांच महीने से निलंबित चल रही है। तब मामले की जांच लालकुआं कोतवाली में तैनात दूसरी महिला दरोगा को सौंपी गई थी। उसके पांच महीने बाद न तो चार्जशीट दाखिल हुई, नही कोई रिपोर्ट अफसरों तक पहुंची, न फाइनल रिपोर्ट लगी। अब मामला देहरादून तक पहुंचा है। सीओ अमित सैनी का कहना है कि साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में तकनीकी पेंच है। महिला दरोगा को जल्द चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं।





