लालकुआं। लालकुआं गौला रोड पर रेलवे बैरियर के चलते आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए फ्लाईओवर निर्माण की कवायद फिर तेज होती नजर आ रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बरेली के इज्जतनगर स्थित मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर डीआरएम बीना सिन्हा से मुलाकात की और फ्लाईओवर के साथ ही पार्किंग, पार्क, नालों की सफाई समेत लालकुआं रेलवे क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर करीब एक घंटे तक विस्तृत चर्चा की।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने गौला रोड पर रेलवे बैरियर बंद होने के दौरान लगने वाले भीषण जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द से जल्द फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की। डीआरएम बीना सिन्हा ने बताया कि फ्लाईओवर को लेकर उत्तराखंड सरकार और जनप्रतिनिधियों के साथ पूर्व में विस्तृत विचार-विमर्श किया जा चुका है तथा मौके का संयुक्त सर्वेक्षण भी हो चुका है। हालांकि राज्य सरकार की ओर से अपेक्षित पहल नहीं होने के कारण मामला अब तक आगे नहीं बढ़ सका।
इस पर नगर पंचायत अध्यक्ष लोटनी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से वार्ता कर फ्लाईओवर निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने रेलवे स्टेशन तिराहे पर लंबे समय से बंद पड़ी पुरानी पार्किंग को पुनः शुरू कराने की मांग भी रखी। उन्होंने लाल कुआं शहर में जहां-तहां बेतरतीप खड़े हो रहे थ्री व्हीलर, टू व्हीलर और फोर व्हीलर के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। डीआरएम ने इस मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गुजर रहे नालों की स्थिति सुधारने, रेलवे के कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा स्टेशन के समीप लंबे समय से बंजर पड़ी रेलवे भूमि पर आकर्षक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
इन सभी मुद्दों पर डीआरएम ने अगले सप्ताह पुनः निर्णायक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया।
वार्ता के दौरान नगर पंचायत के लिपिक कामेश भंडारी, विजय कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो परिचय: मंडल रेल प्रबंधक से वार्ता करते नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी।





