हल्द्वानी। युवक के प्यार में पड़ी प्रेमिका गर्भवती हो गई। ये जानकारी मिलते ही प्रेमी, प्रेमिका से किनारा करने लगा। उसे मुकरता देख प्रेमिका तहरीर लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गई और कुछ ही देर में प्रेमी सलाखों के पीछे पहुंच गया। जानकारी पर प्रेमी के घरवाले भी कोतवाली पहुंचे तो हंगामा खड़ा हो गया। कोतवाली में अकेली प्रेमिका भी शादी की जिद्द पर अड़ गई।
जानकारी के मुताबिक युवक मूलरूप से अल्मोड़ा का रहने वाला है और परिवार के साथ हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में रहता है। करीब 20 वर्षीय युवती भी हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में रहती है। बताया जाता है कि दोनों में लंबे समय से प्रेम संबंध हैं। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे शादी का भरोसा दिया था और इस दौरान वह दो माह की गर्भवती हो गई। जब युवती ने ये बात प्रेमी को बताई तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
प्रेमिका पर अन्य युवकों से संबंध होने का आरोप लगाते हुए उसने शादी से इंकार कर दिया। जबकि युवती का दावा है कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा उसके प्रेमी का है। लाख कोशिशों के बावजूद जब प्रेमी नहीं माना तो प्रेमिका तहरीर लेकर कोतवाली पहुंच गई। कुछ ही देर में पुलिस प्रेमी को उठा लाई। यहां प्रेमिका अकेली थी और जानकारी पर प्रेमी के परिजन समेत उसके पक्ष के कई लोग कोतवाली पहुंच गए। सलाखों के पीछे मौजूद प्रेमी को लगा कि वह फंस चुका है तो वह शादी को राजी हो गया, लेकिन प्रेमी के घरवाले नहीं हुए। दरअसल, प्रेमिका अनुसूचित जाति की थी और प्रेमी सवर्ण। इसी वजह से उसके घरवाले राजी नहीं हुए। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि लड़की शादी करना चाहती है और अगर दोनों पक्ष इस पर राजी है तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं। हालांकि अगर लड़की तहरीर देती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।





