राशन कार्ड सत्यापन में बड़ा खुलासा, 130 में 8 सफेद कार्डधारक अपात्र
- 25 एकड़ कॉलोनी में घर-घर जांच के दौरान सामने आई अनियमितता, कार्रवाई की तैयारी
लालकुआं। लालकुआं-बिंदुखत्ता क्षेत्र में चल रहे राशन कार्ड सत्यापन अभियान के दौरान पहले ही दिन बड़ी अनियमितता सामने आई है। 25 एकड़ कॉलोनी में 130 राशन कार्डों के भौतिक सत्यापन के दौरान 8 सफेद राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए हैं। जांच में पता चला कि संबंधित परिवारों के सदस्य सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल में कार्यरत हैं, और निर्धारित आय सीमा से अधिक आय होने के बावजूद खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ ले रहे थे।
उपजिलाधिकारी न्यायिक एवं नोडल अधिकारी रेखा कोहली के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को 25 एकड़ क्षेत्र में घर-घर सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान लाभार्थियों की आय, रोजगार, संपत्ति और पारिवारिक स्थिति की जांच की गई। शुरुआती जांच में ही अपात्र कार्डधारकों के मिलने से प्रशासनिक महकमे में भी हलचल है। 25 एकड़ क्षेत्र में सत्यापन करने वाली टीम में क्षेत्रीय खाद्य पूर्ति निरीक्षक मोहित कठायत, राजस्व उपनिरीक्षक विरेन्द्र चंद, खाद्य आपूर्ति विभाग की सुनीता भट्ट, गोपाल खत्री, संग्रह अमीन गिरीश गुणवंत तथा नैनीताल दुग्ध संघ के भीम सिंह मेहता शामिल रहे। टीम ने 130 परिवारों का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें 8 सफेद राशन कार्डधारक अपात्र पाए गए।
बिंदुखत्ता क्षेत्र में वर्तमान में 9,645 सफेद, 211 अंत्योदय और 5,439 पीले राशन कार्ड संचालित हैं। सभी कार्डों का चरणबद्ध सत्यापन किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि अपात्र लोगों द्वारा सरकारी राशन लेने से वास्तविक जरूरतमंद परिवारों के अधिकार प्रभावित होते हैं, इसलिए अभियान को गंभीरता से चलाया जा रहा है।
बॉक्स :-
अपात्रों पर होगी कार्रवाई
लालकुआं। उपजिलाधिकारी रेखा कोहली ने कहा कि क्षेत्र में सत्यापन अभियान एक माह तक चलेगा जिसके लिए 4 टीमें बनाई गईं है, जो घर घर जाकर जाँच करेगी। जांच में अपात्र पाए जाने वाले राशन कार्डधारकों के कार्ड निरस्त किए जाएंगे और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान पूरा होने के बाद रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जाएगी।
फोटो परिचय -25 एकड़ कॉलोनी में राशन कार्डों का घर-घर जाकर सत्यापन करती प्रशासनिक टीम।





