नैनीताल। भीषण गर्मी और बढ़ते हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। महानिसदेशक, विद्यालयी शिक्षा उत्तराखण्ड, देहरादून के निर्देशों के क्रम में जनपद नैनीताल के विकासखण्ड हल्द्वानी, रामनगर और कोटाबाग (पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यालयों को छोड़कर) में स्थित सभी विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब 15 मई 2026 तक विद्यालयों का संचालन सुबह के समय किया जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
नई समयसारिणी के तहत विद्यालयों में प्रार्थना सभा प्रातः 6:45 बजे आयोजित की जाएगी। इसके बाद शिक्षण कार्य सुबह 7:00 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:00 बजे तक चलेगा।
शिक्षा विभाग का कहना है कि बढ़ती गर्मी और हीटवेव के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से भी इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते दिन के समय विद्यालय संचालन करना बच्चों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में यह कदम राहत भरा माना जा रहा है।





