हल्द्वानी। हल्द्वानी निवासी पूर्व सैनिक और उनके परिवार पर रास्ते में जानलेवा हमला करते हुए जहां जबरदस्त मारपीट की गई, वहीं उनकी नाबालिक पुत्री से अभद्रता का प्रयास किया गया, जिससे वह और उनका परिवार अत्यधिक आहत हुआ है। यह हमला बरेली से लौटते समय मुड़िया मुकर्रमपुर टोल प्लाजा पर किया गया।
हमलावरों ने उनके नाबालिग बच्चों को पीटा और अभद्रता की भी कोशिश की। पूर्व सैनिक ने पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने और
सहायता न देने का आरोप लगाया है। पूर्व सैनिक ने बताया कि वह हल्द्वानी की रिवर वैली, गेट नंबर 2 कमलुवागांजा निवासी हैं। यह घटना बीती 12 अप्रैल को सुबह हुई जब वह अपने बच्चों को एनडीए की परीक्षा दिलवाकर बरेली से लौट रहे थे। टोल प्लाजा पर भीड़ के कारण उनकी गाड़ी खड़ी थी तभी पीछे से आए एक वाहन ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद जब वह उतरे, तो वाहन चालक ने उनके भतीजे शिवम को पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने गाली-गलौच की और अवैध रूप से धन की मांग की। इसके बाद उसने फोन कर आठ-दस साथियों को बुलाया जिन्होंने डंडों से उनकी कार पर हमला किया। कार में बैठी नाबालिग पुत्री से भी अभद्रता का प्रयास किया। हमलावरों ने शिवम का मोबाइल भी छीन लिया, जिसे तोड़कर और साक्ष्य के रूप में बनाई गई वीडियो व फोटो डिलीट करने के बाद वापस कर दिया।





