हल्द्वानी। पत्नी से आए दिन होने वाले विवाद से परेशान एक युवक ने दोपहर को गौला नदी में कूदकर जान देने की धमकी दे दी। इसके बाद पत्नी घबराकर उसके पीछे दौड़ी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तलाश शुरू की तो युवक गौला पुलं के नीचे नदी किनारे बैठा बीड़ी पीता मिला। पुलिस उसे थाने ले गई, जहां पूछताछ के बाद दंपती की काउंसिलिंग कराई गई।
राजपुरा निवासी युवक अपनी पत्नी के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता है। दोपहर को भी कहासुनी के बाद दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। इससे नाराज युवक घर से निकल गया।
जाते समय उसने पत्नी से कहा कि अब वह वापस नहीं आएगा और गौला नदी में कूदकर जान दे देगा। पति की बात सुनकर पत्नी घबरा गई और उसके पीछे दौड़ी, लेकिन वह दिखाई नहीं दिया। इसी बीच किसी ने महिला को बताया कि युवक गौला पुल के नीचे बैठा है। महिला ने पुलिस को सूचना दी और खुद भी पुल के नीचे पहुंच गई। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची तो युवक नदी किनारे पुल के नीचे बैठा बीड़ी पी रहा था। पुलिस उसे थाने ले गई और मामले की जानकारी ली। बनभूलपुरा कोतवाल डीएस फर्त्याल ने बताया कि दोनों को काउंसिलिंग के बाद घर भेज दिया गया है।




