उत्तराखण्ड

लालकुआं व्यापार मंडल चुनाव के अंतिम परिणाम हुए घोषित… देखिए इन प्रत्याशियों ने इन्हें किया पराजित…

लालकुआं। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल लालकुआं चुनाव के अंतिम परिणाम घोषित हो गए हैं। चुनाव में व्यापारियों ने उत्साह के साथ मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चयन किया। अध्यक्ष पद पर दीवान सिंह बिष्ट ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी नरेश चौधरी को बड़े अंतर से पराजित किया।
घोषित परिणामों के अनुसार अध्यक्ष पद पर दीवान सिंह बिष्ट को 649 मत प्राप्त हुए, जबकि नरेश चौधरी को 303 मत मिले। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर महेश भट्ट ने 450 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके मुकाबले मनोज मौर्या को 136 और विशाल झा को 267 मत प्राप्त हुए।
कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में विनोद पांडे ने 515 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि सुजीत कुमार गिरी को 404 मत मिले। महामंत्री पद पर हुए जबरदस्त मुकाबले में नंदन सिंह राणा ने 512 मत प्राप्त कर विजय हासिल की, जबकि अमजद खान को 440 मत मिले।
उपाध्यक्ष पद पर प्रकाश कुमार ने 506 मतों के साथ जीत दर्ज की। इस पद के अन्य उम्मीदवारों में किशन भट्ट को 237 और भुवन सिंह बिष्ट को 181 मत मिले।
संगठन मंत्री पद पर जितेंद्र गुप्ता ने 522 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंदी करीम खान को 404 मत मिले।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और शुभकामनाएं देकर जीत का जश्न मनाया। नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा और नगर के व्यापारिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया। व्यापार मंडल के पर्यवेक्षक एवं चुनाव अधिकारियों ने सभी विजय प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र सौंपे।

To Top