लालकुआं। हरेला पर्व की सुबह यहां राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक परिवार के मुखिया की दर्दनाक मौत होने से इस पर्व की खुशियां दुखों के पहाड़ में तब्दील हो गई। यहां हल्दूचौड़ क्षेत्र में आज सुबह एक बहुत ही दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, यहां दूध लेकर अपने घर को लौट रहे 77 वर्षीय पूर्व सैनिक को तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने कुचल दिया। इस भीषण हादसे में पूर्व सैनिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेशकारपुर निवासी हरीश चंदोला (77 वर्ष) पुत्र भोला दत्त रोज की तरह बुधवार सुबह भी घर के लिए सड़क पार क्षेत्र से दूध लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान सांवरिया बैंक्वेट हॉल के ठीक सामने जैसे ही उन्होंने हाईवे पार करने की कोशिश की, तभी डिवाइडर के ठीक बगल में हल्द्वानी की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने के बाद कैंटर ने उन्हें 10 से 15 मीटर तक सड़क में घसीट दिया जिससे हरीश चंदोला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। लगभग 4 वर्ष पूर्व उनकी एक बेटी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में ले लिया गया है और चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।





