हल्द्वानी। नगर के व्यस्ततम क्षेत्र जाजी कोर्ट के सामने हनी को गोली मारने वाले युवक और हनी के बीच पुरानी रंजिश होने की बात सामने आई है, जो हाल में हुए निकाय चुनाव में और गहरी हो गई थी। आठ माह पहले भी दोनों का मामला भोटियापड़ाव पुलिस चौकी पहुंचा था लेकिन निकाय चुनाव के दौरान हुआ विवाद ऐसे ही निपट गया था। अब पुलिस एक्शन में है और सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी को दबोच भी लिया है।
घायल हनी के दोस्त विशाल ने बताया कि आरोपी हनी एवं उसके दोस्तों से आरोपी रंजिश रखता है। आठ महीने पहले गोली चलाने वाले ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले की शिकायत उन्होंने भोटियापड़ाव चौकी में पहुंचकर की, लेकिन इसके बाद मामला शांत हो गया।
साथ ही बताया कि गोली चलाने वाला युवक सुमित इसी क्षेत्र का रहने वाला है। इस निकाय चुनाव में उसकी पत्नी पार्षद का चुनाव लड़ी थी, लेकिन चुनाव हार गई। गोली मारने वाले ने उनसे चुनाव में पत्नी का समर्थन करने का दबाव बनाया था, लेकिन हनी ने ऐसा नहीं किया। हनी किसी और का चुनाव प्रचार कर रहा था और इसी वजह से उसने मना कर दिया। जिसके चलते सुमित हनी से भारी रंजिश रख बैठा और गत दिवस उसने मौका पाकर हनी को गोली मार दी।
