हल्द्वानी। शहर में हृदयविदारक घटना से हर कोई स्तब्ध है। जीवनभर का साथ छूटने के गम में महिला ने भी अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। महिला अपने पति के निधन का सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और उनकी मृत्यु के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। बताया गया कि पति-पत्नी की राजपुरा मुक्तिधाम में एकसाथ अंत्येष्टि की गई।
पुलिस के मुताबिक 80 वर्षीय कुसुम अग्रवाल के पति हरिशंकर अग्रवाल निवासी महेशनगर नवाबी रोड का बीते शुक्रवार को निधन हो गया था। कुसुम को इससे गहरा आघात पहुंचा और उनकी भी हालत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें लेकर मुखानी नहर कवरिंग रोड स्थित निजी अस्पताल लाए जहां वृद्धा के जहरीले पदार्थ के सेवन करने का पता चला।
चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन देर रात उन्होंने भी दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को ही कुसुम के पति का निधन हुआ था। वृद्धा का एक बेटा है जिनकी इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के अनुसार बुजुर्ग महिला के जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





