लालकुआं। हल्दूचौड़ क्षेत्र के ग्राम दुर्गापालपुर परमा फेस-1 में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े मकान का मुख्य ताला तोड़कर घर को पूरी तरह खंगाल डाला और लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान चोरी कर लिया।
बताया जा रहा है कि मकान स्वामिनी कमला बिष्ट का परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर रात के अंधेरे में घर में घुस गए। सुबह जब परिजन लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और घर के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र चन्द्र दुर्गापाल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और पुलिस प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं चिंता का विषय हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।
सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी ने इस सनसनीखेज चोरी की वारदात को नवनियुक्त चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ के सामने पहली बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि पुलिस शीघ्र खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार करती है तो जनता का विश्वास उन पर और मजबूत होगा। अन्यथा अपराधियों के हौसले बुलंद हो सकते हैं।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा का कहना है कि हल्दूचौड़ क्षेत्र से चोरी की सूचना आई है, पुलिस उक्त क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ चोरों की तलाश में जुट गई है, जल्द ही मामले में आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
फोटो परिचय- हल्दूचौड़ क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के बाद घर में बिखरा सामान





