हल्द्वानी। रोडवेज बसअड्डे के पास युवक ने लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। इससे आसपास भगदड़ मच गई। युवक कार से अपने साथियो के साथ मौके से निकल गया। पुलिस टीम ने नैनीताल रोड से कार सवार तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मनोज आर्या, सचिन कुमार व कमल आर्या निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा अमेज कार से रात्रि करीब एक बजे रोडवेज बसअड्डे के पास केमू स्टेशन रोड पर खड़े थे। इसी बीच एक व्यक्ति उनका वीडियों
बनाने लगा तो सचिन ने तैश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से बस अड्डे और आसपास खड़े लोगों मे दहशत फैल गई। शीशपाल सिंह यादव नाम के व्यक्ति ने पुलिस को
घटना की सूचना दी। कोतवाली के एसआई संजीत राठौड़ टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां से भागने का पता चलने पर पुलिस ने नैनीताल रोड से कार सवार तीनों युवकों को पकड़ लिया। तीनों युवक शराब के नशे में पाए गए। कार के डैशबोर्ड से मिली पिस्टल से फायर करने की पुष्टि हुई। दो और कारतूस भी मिले।
एसआई संजीत राठौड़ की ओर से आर्म्स एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और ड्रंक और ड्राइव के केस में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस के मुताबिक तीनों युवक किसी दोपहिया वाहन कंपनी में कार्यरत है।
इधर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कत्याल के अनुसार
देर रात केमू स्टेशन रोड पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हवाई फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। तीन युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





