हल्द्वानी। मोटाहल्दू स्थित मदरसन कंपनी में हुए प्रकरण में अब विवेचक बदल दिया है। हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज से यह विवेचना स्थानांतरित की गई है।
पुलिस ने इस मामले में पीयूष जोशी समेत अन्य 25 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना अब हल्द्वानी के कोतवाल को सौंपी गई है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस कंपनी के श्रमिकों को भड़काने, डराने, धमकाने वालों को चिह्नित करने में जुट गई है। ऐसे लोगों के फोन की जांच कराई जाएगी, ताकि पर्दे के पीछे से श्रमिकों के आंदोलन को बढ़ावा देने वालों का खुलासा हो सके।
गौरतलब है कि पिछले दिनों वेतन वृद्धि समेत 14 सूत्रीय मांगों के लिए श्रमिकों ने प्रदर्शन किया। श्रमिकों के समर्थन में पहुंचे पार्षद, कांग्रेस नेता समेत कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था।
अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के अनुसार कंपनी और कर्मचारियों का विवाद शांत हो गया है। उनकी मांगें भी प्रबंधन ने मान ली हैं। माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी ने ही प्राथमिकी दर्ज कराई है। ऐसे में हल्द्वानी कोतवाल को विवेचक बनाया गया है।





