लालकुआं। लंबे समय से इंतजार के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में 38 करोड़ रुपये की बहुप्रतीक्षित सीवर योजना और नई पेयजल व्यवस्था को जल्द शुरु को लेकर नगर पंचायत सभागार में आयोजित अहम बैठक में उत्तराखंड पेयजल निगम, नगर पंचायत, व्यापार मंडल और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने योजना के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत मंथन किया, तथा निर्माण कार्य में जनता को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पेयजल निगम के अधिकारियों ने बताया कि करीब 12 से 13 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी, तथा 2100 कनेक्शन दिए जाएंगे, जिससे 1200 से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का नक्शा तैयार हो चुका है, और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में चेयरमैन लोटनी ने दो टूक कहा कि पेयजल लाइन बिछाने के दौरान लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ी थीं, इसलिए इस बार विभाग एक वार्ड का कार्य पूरा करने के बाद ही दूसरे वार्ड में खुदाई शुरू करे, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े। पेयजल निगम के अधिकारियों ने इस सुझाव को स्वीकार करते हुए चरणबद्ध तरीके से कार्य कराने का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल वार्ड नंबर-6 के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से खुदाई की अनुमति लंबित है, लेकिन अनुमति मिलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस पर चेयरमैन लोटनी ने कहा कि बाईपास बनने के बाद हाईवे लोक निर्माण विभाग के अधीन आ जाएगा, जिससे सीवर लाइन निर्माण में आ रही बाधाएं समाप्त हो जाएंगी।
बैठक में नई पेयजल व्यवस्था को लेकर भी अहम जानकारी दी गई। अधिशासी अभियंता शशि भूषण शाह ने बताया कि जलापूर्ति शुरू करने से पहले सभी घरों में पानी के मीटर लगाए जाएंगे। उपभोक्ताओं से 277 रुपये मासिक फिक्स चार्ज लिया जाएगा, जिसमें 20 हजार लीटर पानी शामिल होगा। इसके बाद अतिरिक्त खपत पर प्रति 1000 लीटर 15 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
इस दौरान नगरवासियों ने एकजुट होकर मांग रखी कि पानी का बिल पहले की तरह तीन माह में ही जारी किया जाए, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने उच्च स्तर पर वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पेयजल निगम के सहायक अभियंता वाईएस लसपाल, अपर सहायक अभियंता पेयजल निगम हर्ष बोरा, अपर सहायक अभियंता अनुज सिंह और सहायक अभियंता पेय जल निगम पुष्कर आर्य, नगर पंचायत के सभासद धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, भुवन पांडे, दीप्ति पांडे, नामित सभासद गौरव कपूर, विनोद श्रीवास्तव, तारा पांडे, व्यापार मंडल के महामंत्री नंदन सिंह राणा, उपाध्यक्ष प्रकाश कुमार, जितेंद्र गुप्ता, महिला उपाध्यक्ष मीना रावत, भाजपा की मंडल महामंत्री मीनू जीना, भावना मेलकानी, उपाध्यक्ष पूजा अधिकारी, डिंपल मदान, समाजसेवी हेमंत पांडे, नगर पंचायत के लिपिक सोनू भारती, कामेश भंडारी, मनोज बर्गली, कृष्ण कुमार, गोपाल खत्री समेत भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया।
फोटो परिचय- सीवर एवं पेयजल लाइन को लेकर अधिकारियों से वार्ता करते लालकुआं के जनप्रतिनिधि





