लालकुआं। शहर के सौंदर्यीकरण और विकास की दिशा में लालकुआं को एक और सौगात मिली है। नगर पंचायत द्वारा शहर के दोनों छोर पर बनाए गए भव्य स्वागत द्वारों तथा मुख्य बाजार के डिवाइडर पर स्थापित आकर्षक तिरंगा लाइटों का क्षेत्रीय सांसद अजय भट्ट ने विधिवत लोकार्पण कर इन्हें नगरवासियों को समर्पित किया।
वन विकास निगम के डिपो संख्या-5 के सामने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि लालकुआं तेजी से विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा लालकुआं बाईपास निर्माण को हरी झंडी दी जा चुकी है। वहीं जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की लागत से नई पेयजल लाइन बिछाई गई है तथा करीब 34 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन का कार्य भी कराया जा रहा है।
सांसद ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में नगर के विकास और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। शहर के दोनों ओर बनाए गए भव्य प्रवेश द्वार और तिरंगा लाइटें लालकुआं की सुंदरता बढ़ाने के साथ ही बाहर से आने वाले लोगों के लिए नगर की एक विशिष्ट पहचान बनाएंगी।
लोकार्पण के बाद नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने सांसद अजय भट्ट के समक्ष नगर की विभिन्न विकास संबंधी समस्याओं और भविष्य की योजनाओं को प्रमुखता से रखा। यातायात व्यवस्था, विद्युत लाइन, रेलवे से जुड़े विकास कार्य, बाईपास तथा अन्य नागरिक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस दौरान नगर के बीचोंबीच से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन के स्थानांतरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सांसद अजय भट्ट ने मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
चेयरमैन सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि लालकुआं को बेहतर सड़क, सुचारु यातायात, व्यवस्थित विद्युत व्यवस्था और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त विकसित नगर बनाना है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सदस्य नेहा आर्य, धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, शबनम, सुरेश शाह, दीप्ति पांडे, भुवन पांडे, सुरेश शाह, योगेश उपाध्या हेमंत पांडे, विनोद श्रीवास्तव, गौरव कपूर, तारा पांडे, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती, पूर्व चेयरमैन पवन कुमार चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, संजीव शर्मा, अरुण जोशी, हरीश नैनवाल, बॉबी संभल, दीपू नयाल, पंडित चंद्रशेखर जोशी, हरीश नैनवाल, जगदीश अग्रवाल और सचिन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
फोटो परिचय— लालकुआं में नवनिर्मित प्रवेश द्वार का लोकार्पण करते सांसद अजय भट्ट एवं अन्य।




