.
हल्द्वानी। शहर के इस आलीशान पार्क में रात को सोना अब खतरे से खाली नहीं रहा। हालिया हुई घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। इस बीच रात को दो लोग पार्क में सोए और सुबह कान कटा मिला। नैनीताल रोड तिकोनिया स्थित पार्क में सामने आईं दो ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों के बीच एक कथित ‘कान कटवा’ की चर्चा तेज है। पहली घटना 25 जून की रात की बताई जा रही है। पीड़ित भरत सिंह भाकुनी का कहना है कि वह शराब के नशे में पार्क में सो गया था। सुबह जब नींद खुली तो उसके कान से खून बह रहा था और कान का हिस्सा कटा हुआ मिला।
उसका कहना है कि घटना के दौरान उसे किसी तरह की कोई आहट तक महसूस नहीं हुई। इसी तरह दूसरे पीड़ित आनंद सिंह के साथ भी इसी तरह का हादसा हुआ। वह भी रात में पार्क में सोए थे, सुबह उठने पर उनके कान का हिस्सा कटा मिला। दोनों का कहना है कि उन्हें यह समझ नहीं ‘आया कि वारदात कब और किसने की। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोई अज्ञात व्यक्ति रात के अंधेरे में सो रहे लोगों को निशाना बना रहा है। घाव देखकर धारदार हथियार, जैसे ब्लेड, के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है।
इधर हल्द्वानी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता ने बताया कि ऐसी शिकायत लेकर कोई पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। अगर ऐसी कोई शिकायत आती है तो मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।





