लालकुआं। बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। भारी बारिश के चलते लालकुआं-काशीपुर रेलवे ट्रैक पर जगह-जगह पानी और मलबा आ जाने से रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। लालकुआं से गूलरभोज के बीच रेल पटरी पर पानी भरने के साथ ही भारी मात्रा में मलबा आने के कारण सुबह से ही ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
रेलवे की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। लगभग 6 घंटे तक भारी संख्या में रेल कर्मी जेसीबी की मदद से मलवा हटाने में लगे रहे। दोपहर बाद यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान लालकुआं से काशीपुर जाने वाली सुबह की पैसेंजर ट्रेन का संचालन नहीं हो सका, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया। वहीं, काशीपुर से लालकुआं आने वाली पैसेंजर ट्रेन करीब तीन घंटे विलंब से पहुंची। मुरादाबाद से लालकुआं आने वाली ट्रेन भी काफी देरी से पहुंची, जबकि बरेली से रामनगर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को करीब छह घंटे विलंब के बाद रामनगर के लिए रवाना किया गया।
इज्जतनगर मंडल के पीआरओ सफदर हुसैन ने बताया कि लालकुआं से गूलरभोज के बीच रेल लाइन पर मलबा और पानी आने के कारण एक ट्रेन निरस्त की गई, जबकि तीन अन्य ट्रेनें प्रभावित हुईं। उन्होंने बताया कि रेलवे कर्मचारियों द्वारा युद्धस्तर पर मलबा हटाने के बाद दोपहर बाद रेल यातायात सामान्य कर दिया गया।
फोटो परिचय: रेल लाइन पर आए मलबे को हटाते रेलकर्मी।





